नमामि गंगे परियोजना: डीएम ने किया हाथरस सीवरेज योजना का निरीक्षण, समय पर कार्य पूरा करने के दिए निर्देश हाथरस, 03 जुलाई। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपद में नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत जलेसर रोड पर निर्माणाधीन हाथरस सीवरेज योजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक ने बताया कि हाथरस सीवरेज योजना की स्वीकृत लागत 128.91 करोड़ रुपये है। परियोजना का कार्य 6 सितंबर 2024 से शुरू हुआ था। पहले इसे 5 जून 2026 तक पूरा किया जाना था, लेकिन अब कार्य पूर्ण करने की समयसीमा बढ़ाकर 5 नवंबर 2026 किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। वर्तमान में परियोजना की करीब 60.50 प्रतिशत भौतिक प्रगति हो चुकी है और निर्माण कार्य जारी है। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सीवरेज परियोजना पूरी होने से शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, जलभराव और प्रदूषण की समस्या में कमी आएगी तथा नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि परियोजना में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो तथा नियमित निगरानी के साथ निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



