बदायूं में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक घर बैठे खुद भर सकेंगे परिवार की जानकारी

बदायूं। जनगणना-2027 को लेकर बदायूं जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जाएगी। खास बात यह है कि अब लोगों को अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कराने के लिए प्रगणक का इंतजार नहीं करना होगा, बल्कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन स्व-गणना कर सकेंगे।
इसके लिए आमजन को आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाकर अपने परिवार से संबंधित जानकारी दर्ज करनी होगी। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली एसई आईडी को सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। जब प्रगणक घर पहुंचेगा, तो उसे यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।
1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम
प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। इस दौरान परिवार और उसके सदस्यों से निर्धारित 40 सवालों के माध्यम से आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी।
शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत कर जनगणना के कार्यक्रम की जानकारी दी और आमजन से इसमें बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।
5,929 प्रगणक और 1,003 पर्यवेक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बदायूं जनपद में जनगणना कार्य के लिए कुल 26 चार्ज निर्धारित किए गए हैं। इनमें 5 तहसील चार्ज, 7 नगर पालिका परिषद और 14 नगर पंचायत शामिल हैं।
पूरे जनपद में जनगणना की जिम्मेदारी 5,929 प्रगणकों और 1,003 पर्यवेक्षकों को सौंपी गई है। वहीं, 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण चलेगा, जिसमें निर्धारित अवधि के जन्म और मृत्यु से संबंधित जानकारियां जुटाकर आंकड़ों को अपडेट किया जाएगा। इस प्रक्रिया में बेघर व्यक्तियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति जनगणना से वंचित न रहे।
सावधान! न दस्तावेज मांगे जाएंगे, न ओटीपी और न ही लगेगा शुल्क
प्रशासन ने जनगणना को लेकर लोगों की सुरक्षा और गोपनीयता के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। स्पष्ट किया गया है कि जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति से आधार कार्ड, प्रमाण पत्र या अन्य कोई दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा। इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क भी नहीं देना होगा।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जनगणना के नाम पर किसी से ओटीपी नहीं मांगी जाएगी। इसलिए कोई भी व्यक्ति अपनी ओटीपी किसी के साथ साझा न करे। प्रगणकों द्वारा जुटाई गई सभी जानकारियां गोपनीय रखी जाएंगी। साथ ही प्रगणकों के पहचान पत्र पर क्यूआर कोड उपलब्ध रहेगा, जिसे स्कैन करके उनकी पहचान और प्रामाणिकता की जांच की जा सकेगी।
प्रशासन की अपील है कि जनगणना की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सभी लोग सहयोग करें और निर्धारित समय के भीतर अपने परिवार की सही जानकारी दर्ज कराएं।








