बदायूं में बृहद विधिक सहायता शिविर का आयोजन, 134 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
बदायूं, 01 नवंबर 2026

बदायूं के डायट परिसर में रविवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 134 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को आवास और ट्रैक्टर की चाबियां भी सौंपी गईं।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विवेक संगल, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय बलजोर सिंह, अपर जिला जज प्रथम रिंकू जिंदल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला और परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों का एनसीसी विद्यार्थियों ने बैंड के माध्यम से स्वागत किया। इसके बाद जनपद न्यायाधीश विवेक संगल ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया और मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला कल्याण, श्रम, पुलिस, विद्युत, खाद्य एवं रसद तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं अग्निशमन विभाग ने आग लगने की आपात स्थिति में बचाव के उपायों का प्रदर्शन किया।
इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामाजिक मुद्दों पर आधारित नाटक की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर लोगों को जागरूक किया।
पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : जनपद न्यायाधीश
जनपद न्यायाधीश विवेक संगल ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए। प्रयास होना चाहिए कि एक ही छत के नीचे अधिक से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि देश के सभी नागरिक समान हैं और सभी को समान अधिकार प्राप्त हैं। नागरिकों को उनके अधिकार दिलाने और न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ही विधिक सेवा प्राधिकरण की व्यवस्था की गई है।
वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से 134 लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों के द्वार तक पहुंचाना और किसी भी जरूरतमंद को उसके अधिकारों से वंचित न रहने देना है।
जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार ने भी शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, लाभार्थी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।








