हाथरस में मेगा विधिक सहायता शिविर का आयोजन, 600 स्वयं सहायता समूहों को मिली 9.61 लाख रुपये की सहायता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाथरस में मेगा विधिक सहायता शिविर का आयोजन, 600 स्वयं सहायता समूहों को मिली 9.61 लाख रुपये की सहायता

हाथरस, 01 नवंबर 2026।

 

हाथरस के दाऊजी महाराज मेला पंडाल स्थित पद्मश्री काका हाथरसी स्मृति मंच पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय ने की। इस दौरान जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए। वहीं नशामुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी मनमोहक प्रस्तुति दी।

 

600 स्वयं सहायता समूहों को 9.61 लाख रुपये की सहायता

 

मेगा शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित 600 स्वयं सहायता समूहों को सीआईएफ-आरएफ स्टार्टअप के तहत कुल 9.61 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

इसके अलावा आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत हार्वेस्टर और कंबाइन हार्वेस्टर से संबंधित लाभ भी प्रदान किए गए। वहीं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।

 

आर्थिक तंगी के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे : जिला न्यायाधीश

 

इस अवसर पर जिला न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय ने कहा कि त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय प्रत्येक नागरिक का नैतिक अधिकार है। आर्थिक तंगी के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय पाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य गरीब, जरूरतमंद और पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है।

 

उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति अधिवक्ता की फीस देने में सक्षम नहीं हैं, वे जिला न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर निःशुल्क अधिवक्ता प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने पराविधिक स्वयंसेवकों (PLVs) की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इनके माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवेदन भरने में भी सहायता दी जा रही है।

 

जिला न्यायाधीश ने महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता पर जोर देते हुए कहा कि बेटा-बेटी के बीच भेदभाव समाप्त होना चाहिए। बेटियों को समान अवसर और सम्मान मिलना आवश्यक है। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और बच्चों को नशे तथा बुरी संगत से दूर रखने की अपील भी की।

 

पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता : जिलाधिकारी

 

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके कानूनी अधिकारों और विभिन्न नियमों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंदों को विधिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना भी प्राथमिकता है।

 

उन्होंने कहा कि न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त भागीदारी से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

 

कार्यक्रम में अपर जनपद न्यायाधीशगण, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, हाथरस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, अधिवक्तागण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे।

National Ankhen
Author: National Ankhen

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail