बदायूं: जैविक खेती अपनाकर मिट्टी और पर्यावरण बचाने का संदेश, उसावां में लगा जैविक किसान मेला

बदायूं। खेती में रासायनिक खाद और कीटनाशकों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच किसानों को अब जैविक खेती की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से बदायूं के उसावां विकासखंड परिसर में एक दिवसीय जैविक किसान मेला एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को जैविक खेती के फायदे, फसल सुरक्षा और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के तरीके बताए गए।
उत्तर प्रदेश क्रॉप डायवर्सिफिकेशन सपोर्ट प्रोजेक्ट (यूपी डास्प) के अंतर्गत संचालित नमामि गंगे जैविक खेती योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि दातागंज डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम का आयोजन कार्यदायी संस्था बायोसर्ट इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया।
रासायनिक खेती के नुकसान बताए, जैविक खेती के लिए किया जागरूक
कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक यूपी डास्प ने किसानों को रासायनिक खेती से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने जैविक खेती अपनाने की विभिन्न विधियों, खेती के दौरान आने वाली समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से दी जा रही अनुदान राशि के बारे में भी किसानों को जानकारी दी गई।
वरिष्ठ गन्ना निरीक्षक डॉ. पी.के. वर्मा ने जैविक तरीके से फसलों में पोषक तत्वों के प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने कृषि वैज्ञानिक संवाद के माध्यम से किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान बताए।
दीमक और फफूंदजनित रोगों से फसल बचाने के बताए तरीके
सहायक कृषि विकास अधिकारी डॉ. महेश पाल सिंह ने जैविक विधि से दीमक और फफूंदजनित रोगों की रोकथाम के उपाय बताए। वहीं नमामि गंगे के जिला प्रभारी लवकुश मिश्रा ने मिट्टी से पैदा होने वाले रोगों के नियंत्रण, पोषक तत्वों के प्रबंधन और फसल सुरक्षा के बारे में किसानों को जागरूक किया।
जैविक उत्पादों की बिक्री को मिलेगा बढ़ावा
किसानों को केवल जैविक खेती तक सीमित न रखते हुए उनके उत्पादों की बिक्री और विपणन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। इसके लिए किसान मेले में जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी और विभिन्न स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से किसानों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और स्थानीय बाजार में बिक्री के अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना समन्वयक यूपी डास्प ने किसानों से जैविक खेती अपनाकर मृदा और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने इस दिशा में किसानों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रमाणीकरण संस्था के प्रतिनिधि अवधेश कुमार सिंह और पुनीत शर्मा, नमामि गंगे के जिला प्रभारी लवकुश मिश्रा, जैविक खेती समूहों के सदस्य, किसान और बायोसर्ट इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के क्षेत्रीय कर्मचारी मौजूद रहे।








