राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित अश्वनी कुमार जैन का साइंस घर के विद्यार्थियों ने किया अभिनंदन
सिरसागंज। श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज के नागरिक शास्त्र प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर साइंस घर के सदस्यों ने उनका माल्यार्पण एवं केक काटकर अभिनंदन किया। विद्यार्थियों ने अपने मार्गदर्शक से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
अश्वनी कुमार जैन को यह सम्मान विद्यालय में नागरिक शास्त्र विषय में विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाने, विषय को रुचिकर बनाने तथा विभिन्न शैक्षिक नवाचारों के लिए प्रदान किया गया। उन्होंने नागरिक शास्त्र मेला, भारतीय संसद का निर्माण, संविधान की प्रस्तावना का पाठ, संविधान क्विज, संविधान पोस्टर प्रतियोगिता, वीडियो के माध्यम से अध्ययन, शैक्षिक भ्रमण एवं टीएलएम के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षित करने जैसे कार्य किए हैं।
इसके साथ ही विद्यालय की विभिन्न प्रतियोगिताओं, महापुरुषों की जयंती एवं राष्ट्रीय पर्वों पर मंच संचालन में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। नगर पालिका परिषद सिरसागंज के स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में उन्होंने स्वच्छता कार्यक्रमों के साथ वृक्षारोपण, सड़क सुरक्षा, मेरी माटी मेरा देश एवं आजादी का अमृत महोत्सव जैसे अभियानों में भी योगदान दिया।
प्रदेश स्तर पर सम्मानित होने पर जिले के शिक्षकों और विद्यार्थियों में खुशी की लहर है। जनपद के प्रथम साइंस घर के कार्यक्रम के आयोजक अश्वनी कुमार जैन ने सम्मान के लिए मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षक साथियों, विद्यालय प्रबंध समिति, सोसायटी, विद्यालय परिवार, मीडिया वर्ग एवं साइंस घर के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि काम ही पहचान है। शिक्षक का कर्तव्य केवल किताबें पढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना भी है। उनका प्रयास सदैव विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ प्रायोगिक एवं सृजनात्मक अनुभव प्रदान करना रहा है।
इस अवसर पर साइंस घर के सदस्य विल्सन कुमार, अनुराग सिंह, कु. शिवानी, रिंकल, प्रियांशी, काजल, सोनम आदि उपस्थित रहे।








